Showing posts with label India. Show all posts
Showing posts with label India. Show all posts

पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले बने टीम इंडिया के नये मुख्य कोच, बीसीसीआई चीफ अनुराग ठाकुर ने किया ऐलान



धर्मशाला : फिरकी के जादूगर और पूर्व कप्तान अनिल कुंबले को एक साल के लिये भारतीय क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है जिससे इस पद को लेकर पिछले लंबे समय से लगाई जा रही अटकलबाजियों पर भी विराम लग गया। 

कुंबले अगले महीने भारतीय टीम के वेस्टइंडीज दौरे से ही नई जिम्मेदारी संभालनी होगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को यह घोषणा की। इस 45 वर्षीय पूर्व लेग स्पिनर को पूर्व टीम निदेशक रवि शास्त्री, ऑस्ट्रेलिया के टॉम मूडी और स्टुअर्ट लॉ पर तरजीह दी गई है। कुंबले का चयन बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति की सिफारिश पर किया गया है जिसमें इस लेग स्पिनर के तीन पूर्व साथी सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण शामिल थे। 

इस समिति ने मंगलवार को कोलकाता में 10 घंटे तक चले सत्र में कुंबले सहित अन्य उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिये थे। बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'बीसीसीआई बहुत पारदर्शी है। हमने मानक तय किये थे। इसके लिये क्रिकेट सलाहकार समिति भी थी। वे पूरी प्रक्रिया से गुजरे, साक्षात्कार लिये और कुछ नामों की सिफारिश की। विभिन्न हितधारकों के साथ चर्चा के बाद हमने अगले एक साल के लिये अनिल कुंबले को भारतीय क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त करने का फैसला किया।' 

उन्होंने कहा, 'यह भारतीय या विदेशी से जुड़ा मसला नहीं है यह इस पद के लिये सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति से जुड़ा है। मेरा मानना है कि हमने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की सेवाएं ली हैं जिन्होंने भारतीय क्रिकेट की सेवा की। ऐसी कोई सीमा नहीं थी कि हमें केवल भारतीय कोच ही चाहिए। हम भारतीय टीम के लिये सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति को चाहते थे।'
कोच पद के लिये बीसीसीआई को कुल 57 आवेदन मिले थे, जिनमें से एडवाइजरी कमेटी ने 21 नामों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया था। यह इंटरव्यू बीते मंगलवार को हुए थे। भारत के सबसे कामयाब गेंदबाजों में शुमार रहे दिग्गज लेग स्पिनर 45 वर्षीय अनिल कुंबले ने अपने करियर में 132 टेस्ट में 619 विकेट और 271 वनडे में 337 विकेट हैं। इसके अलावा वे मुंबई इंडियन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मेंटर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। फिलहाल कुंबले आईसीसी की क्रिकेट कमेटी के चेयरमैन हैं।
गजबः 122 करोड़ के देश में सिर्फ 18,359 करोड़पति, क्या है हकीकत

गजबः 122 करोड़ के देश में सिर्फ 18,359 करोड़पति, क्या है हकीकत

नई दिल्ली: सवा करोड़ की आबादी वाले देश में सिर्फ 18 हजार 359 करोड़पति हैं. वित्त मंत्रालय की तऱफ से जारी इन आंकड़ों ने एक बार फिर ये सवाल खड़ा कर दिया है कि सरकार को देश के अंदर मौजूद काले धन पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाने होंगे. ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि लाखों रुपयों के सामान की खरीदारी में भारतीय किसी से कम नहीं हैं तो फिर ये कैसे हो सकता है कि भारत में सिर्फ 18 हजार करोड़पति ही हों.

आलीशान गाड़ियों के शोरूम हों या महंगे से महंगे सामानों से सजे मॉल खरीदारों की कमी नहीं है. जाहिर है खरीदारी वही करते हैं जिनके पास पैसा हो, जो कमाते हों लेकिन बात जब इस कमाई पर टैक्स देने की आती है तो जो आंकड़ा सामने आता है वो चौंकाने वाला है. 125 करोड़ लोगों के देश में 1 करोड़ या इससे ज्यादा की कमाई वाले सिर्फ 18,359 लोग हैं. वित्त मंत्रालय की तरफ से साल 2011-12 के आय़कर आंकड़ो में ये बात सामने आई है.

ये आंकड़े चौंकाने वाले हैं क्योंकि दिल्ली के डीएलएफ इम्पोरियो में जहा सिर्फ लक्ज़री कपडे, जूते, घड़िया, और बैग मिलते हैं का साल 2011-12 का मुनाफा 61 करोड़ रुपये हैं और यही एक ऐसा मॉल नहीं है जहा मुनाफा होता है.

देश में करीब 18 हजार करोड़पति होने का आंकड़ा कितना सही है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसी साल यानी 2011-12 में लोगों ने किस किस तरह के खर्चे किए.

2011-12 में ऑडी, बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज़ और जैगुआर लैंड रोवर ने देश में 25,645 गाड़ियां बेचीं. इनकी गाड़ियों की औसत क़ीमत 40 लाख होती है. यानी 25,645 लोगों ने 40-40 लाख की गाड़ियां ख़रीद लीं लेकिन 1 करोड़ की कमाई मानी सिर्फ़ 18,359 ने. 2011-12 में अकेले मुंबई में 10 करोड़ से 100 करोड़ रुपये के 1880 फ़्लैट बिल्डरों ने बाज़ार में लॉन्च किये, लेकिन 1 करोड़ की कमाई बताने वाले सिर्फ़ 18,359 लोग थे.

जानकारों का मानना है कि भारत में टैक्स न देने या बचाने वालों की संख्या अच्छी खासी है. लोग अब भी बड़ी और महंगी खरीदारी के लिए कैश का इस्तेमाल करते हैं, इस वजह से भी करोड़पतियों की संख्या उतनी नहीं दिखती है जितनी होनी चाहिए.

2013 की कोटक महिंद्रा की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ 2011 में देश में 81,000 ऐसे परिवार थे जिनके पास 25 करोड़ रुपये से ज़्यादा थे. लेकिन सरकारी आंकड़े कह रहे हैं कि उस साल सिर्फ़ 18359 लोगों ने अपनी सालाना कमाई 1 करोड़ से ज़्यादा बताई. हालांकि इसका एक पक्ष ये भी है कि इस संख्या में कंपनियों के रिटर्न शामिल नहीं हैं.

मास्टरकार्ड ने भी 2012 में एक सर्वे किया था जिसके मुताबिक़ भारत में जो लोग लक्जरी सामान लेने की सोच रहे थे उनकी संख्या सिंगापुर के अलावा बाक़ी सभी एशियाई देशों के लोगों से ज़्यादा थी. फिर टैक्स में 1 करोड़ से ज़्यादा की कमाई बताने वाले सिर्फ़ 18359 कैसे हो सकते हैं.
देश में 80 प्रतिशत से अधिक इंजीनियर रोजगार की काबिलियत नहीं रखते: रिपोर्ट

देश में 80 प्रतिशत से अधिक इंजीनियर रोजगार की काबिलियत नहीं रखते: रिपोर्ट

नई दिल्ली: इंजीनियरिंग डिग्री रखने वाले स्नातकों में कुशलता की काफी कमी है और उनमें से करीब 80 प्रतिशत रोजगार के काबिल नहीं है. एक रिपोर्ट में यह कहा गया है.

रिपोर्ट में शैक्षिणिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम को उन्नत बनाने की जरूरत को रेखांकित किया गया ताकि वे श्रम बाजार की जरूरतों के हिसाब से काबिल हो सके.

देश भर में शैक्षणिक संस्थान लाखों युवाओं को प्रशिक्षित करते हैं लेकिन इन संस्थानों से निकले छात्र रोजगार के लिये तैयार नहीं होते और कंपनियां प्राय: यह शिकायत करती हैं कि उनमें रोजगार के लिये जरूरी कुशल और प्रतिभावान लोग नहीं मिलते.

एस्पाइरिंग माइंड्स की नेशनल इम्प्लायबिलिटी रिपोर्ट के अनुसार 80 प्रतिशत प्रमुख इंजीनियर स्नातक रोजगार के काबिल नहीं है. रिपोर्ट 650 से अधिक इंजीनियरिंग कालेजों के 1,50,000 इंजीनियरिंग छात्रों के अध्ययन पर आधारित है. इन छात्रों ने 2015 में स्नातक की डिग्री ली.

एस्पाइरिंग माइंड्स के सीटीओ वरण अग्रवाल ने कहा, ‘‘आज बड़ी संख्या में छात्रों के लिये इंजीनियरिंग वास्तव में स्नातक की डिग्री बन गया है. हालांकि शिक्षा मानकों में सुधार के साथ यह जरूरी हो गया है कि हम अपने अंडरग्रैजुएट कार्यक्रम को तैयार करें ताकि वे रोजगार के ज्यादा काबिल हो सके.’’ रिपोर्ट के अनुसार शहरों के हिसाब से दिल्ली के संस्थान सर्वाधिक रोजगार के काबिल इंजीनियर दे रहे हैं. उसके बाद क्रमश: बेंगलुर का स्थान है.

महिला और पुरष में रोजगार की काबिलियत के बारे में अध्ययन में कहा गया है कि दोनों में यह लगभग समान है.

हालांकि बिक्री इंजीनियर गैर-आईटी, एसोसिएट आईटीईएस : बीपीओ तथा कंटेन्ट डेवलपर जैसी भूमिकाओं में महिलाओं में रोजगार की काबिलियत थोड़ी अधिक है.

रिपोर्ट के अनुसार यह दिलचस्प है कि छोटे शहरों में भी अच्छी खासी संख्या में रोजगार की काबिलियत रखने वाले इंजीनियर निकल रहे हैं और नियुक्ति के नजरिये से उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.