घूसखोरी में क्यों फंसता है गांधी परिवार?

नई दिल्ली: आगूस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर सौदे में घूसखोरी पर राजनीति गर्म हो गई है . बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने सीधे-सीधे सोनिया गांधी पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया. जिसके जबाव में सोनिया गांधी ने कहा है कि मोदी सरकार इस मामले की जांच कराए, जिससे सच्चाई सामने आएगी. घूसकांड में आरोप लगने पर सोनिया गांधी ने पलटवार किया है. सोनिया ने कहा कि मेरा नाम लेने दो, मैं डरती नहीं, दो साल में मोदी सरकार ने जांच पूरी क्यों नहीं की?

आगूस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर सौदे में घूसखोरी के मामले में बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने सीधे-सीधे सोनिया गांधी पर घूस लेने का आरोप लगाया है . स्वामी का आरोप है कि घूस के पैसे विदेशी बैकों में जमा कराए गए हैं . स्वामी के हमलों का जवाब देने के लिए खुद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सामने आना पड़ा .

घूसकांड में आरोप लगने पर सोनिया गांधी ने पलटवार किया है. सोनिया ने कहा कि मेरा नाम लेने दो, मैं डरती नहीं, दो साल में मोदी सरकार ने जांच पूरी क्यों नहीं की? सोनिया गांधी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने बीजेपी पर घूसकांड के बहाने बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया.

आगूस्ता हेलिकॉप्टर सौदे में संदिग्ध बिचौलिए क्रिस्चियन मिशेल के एक इंटरव्यू ने मामले में नया पेंच ला दिया है . अंग्रेजी अखबार द हिंदू को दिए इंटरव्यू में मिशेल ने कहा है कि मैं जीवन में कभी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से या गांधी नाम वाले किसी व्यक्ति से नहीं मिला . मैं राजनीति का शिकार हूं . इटली की कोर्ट में पेश जिस दस्तावेज में टारगेट सोनिया की बात कही गई गै वो मेरे हाथ के लिखे नहीं हैं .

मिशेल ने अपने इंटरव्यू में प्रधानमंत्री मोदी पर सनसनीखेज आरोप लगाया है . मिशेल का आरोप है कि पिछले साल 24-25 सितंबर को यूएन सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और इटली पीएम मातओ रेंसी के बीच एक डील हुई थी . ये डील भारत में गिरफ्तार इटली के दो नौसैनिकों को छोड़ने के बदले में गांधी परिवार के बारे में जानकारी देने को लेकर हुई थी .

मिशेल का दावा है कि उसे तीन-तीन सूत्रों से इस मीटिंग की जानकारी मिली थी . आगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर सौदे की गूंज तीन साल फिर से संसद में सुनाई दे रही है, लेकिन अब सत्ता की कुर्सी पर कांग्रेस नहीं बीजेपी है . मिशेल के बयान के हवाले से कांग्रेस ने मोदी सरकार से डील की हकीकत पर सवाल पूछा है .

कांग्रेस के सवाल पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राज्यसभा में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली के पीएम के बीच किसी भी तरह की मुलाकात नहीं हुई थी .

आगूस्ता घूसकांड पर देश का सियासी पारा तीन साल बाद फिर से गर्म है और माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों तक संसद से सड़क तक इस घूसकांड की गूंज सुनाई देगी .

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »