सैल्यूटो आरएक्स एक नए विकसित एयर-कूल्ड, 4-स्ट्रोक, एसओएचसी, 110 सीसी, 2-वॉल्व सिंगल सिलिंडर इंजन से लैस है. ब्लू कोर थीम पर आधारित इसका नया इंजन कम्पनी द्वारा इससे पहले बाजार में उतारे जा चुके 110 सीसी मॉडलों के मुकाबले में अधिक कॉम्पैक्ट कम्बशन चैम्बर वाला है. नया मॉडल सिर्फ 98 किलोग्राम वजन के साथ अपने वर्ग में सबसे हल्के वजन का वाहन है, जो इसी वर्ग में कम्पनी के द्वारा पहले पेश किए जा चुके मॉडलों की तुलना में तकरीबन 22 किलोग्राम हल्का है.
यामाहा मोटर इण्डिया के मैनेजिंग डायरेक्टर मसाकी असानो ने बताया, भारत का दोपहिया बाजार दुनिया का सबसे बड़ा बाजार है जहां साल 2015 में 1.6 करोड़ 2 व्हीलर की बिक्री हुई. ये खासतौर पर यामाहा के लिए बेहद अहम बाजार है. यामाहा इस बाईक के लॉन्च को लेकर बेहद उत्साहित है और कंपनी को भरोसा है कि ग्राहकों से शानदार रिस्पॉन्स मिलेगा.
यामाहा मोटर इण्डिया सेल्स के वाइस प्रेसिडेंट रॉय कुरियन ने कहा कि 110 सीसी कम्यूटर सेगमेन्ट भारतीय बाजार के लिए सबसे कॉम्पिटेटिव सेगमेन्ट है. सैल्यूटो आरएक्स को उन ग्राहकों से शानदार रिस्पॉन्स मिलेगा जो अपने लिए किफायती दरों पर आरामदायक बाईक खरीदना चाहते हैं.