आईएस की नई हिट लिस्ट जारी 70 से अधिक सैन्यकर्मियों को बनाया टारगेट

लंदन: आईएस के हैकरों ने अमेरिका के 70 से अधिक सैन्यकर्मियों की एक ‘हिटलिस्ट’जारी की है जो सीरिया में अलग अलग आतंकी ठिकानों पर किए गए ड्रोन हमलों में शामिल हैं.

आईएस के हैकरों ने कहा है कि ‘ये लोग जहां हैं उनको वहीं मार दिया जाए.’ समाचार पत्र ‘संडे टाइम्स’ के अनुसार इन हैकरों का ब्रिटेन से संबंध है और वे खुद को ‘इस्लामिक स्टेट हैकिंग डिवीजन’ बताते हैं. इन्होंने अमेरिका के 70 से अधिक सैन्यकर्मियों के नाम, पता और तस्वीरें छापी हैं.

इन हैकरों ने आईएस के समर्थकों से अपील की है, ‘‘वे जहां कहीं भी हों उनकी हत्या कर दो, उनके दरवाजे खटखटाओ और उनके सिर कलम कर दो, उन्हें चाकू मार दो, गोली मार दो या बम फेंक दो.’’ आईएस ने यह भी दावा किया है कि ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय में उनका एक भेदिया है और उसने भविष्य में ‘खुफिया जानकारी’ साझा करने की धमकी दी है जिससे ब्रिटेन के रॉयल एयर फोर्स के ड्रोन संचालकों की पहचान हो सकती है.

आईएस की नयी हिट लिस्ट का शीषर्क ‘टारगेट युनाइटेड स्टेट्स मिलिट्री’ है तथा इसे ट्विटर के जरिए प्रसारित किया जा रहा है.

हैकरों ने कहा, ‘‘तुम्हारी सेना में कोई दम नहीं है, न ही तुम्हारे में कोई दम है जो सैनिकों को भेजने से इंकार कर रहे हैं. इसकी बजाय हजारों मील दूर बैठक कर तुम लोग सिर्फ बटन दबाते हो.’’

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »